कोरबा। जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामलों में सूने मकान और स्कूल को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये का माल पार कर दिया है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सूने मकान से सोने–चांदी के जेवरात चोरी
पहली घटना करतला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बताती की है। यहां निवासी संजय एक्का पिता कुलदीप एक्का ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 7 जनवरी को उनके बड़े पिता फुलजेंस एक्का के सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया।
चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी में रखे
- सोने का सिक्का
- सोने का मंगलसूत्र
- सोने की चैन
- सोने की अंगूठी
- सोने की बाली
सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी गए जेवरात की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
स्कूल में भी चोरी, 47 हजार का सामान गायब
दूसरी चोरी की घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के रजकम्मा में सामने आई है। यहां एक सरकारी स्कूल को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। स्कूल के प्रभारी प्राचार्य ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है कि 30 दिसंबर 2025 की रात चोरों ने स्कूल के पीछे के गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
चोरों ने एक के बाद एक कमरों के ताले तोड़ते हुए
- 42 इंच की एक एलईडी टीवी
- चार सीसीटीवी कैमरे
- एक साइकिल
- खेल सामग्री का पूरा किट बैग
चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 47 हजार रुपये बताई गई है। चोरी की जानकारी 31 दिसंबर 2025 को स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों से मिली, जिसके बाद प्राचार्य मौके पर पहुंचे।
पुलिस जांच में जुटी
दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आसपास के इलाकों में पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर चोरी के मामलों का खुलासा किया जाएगा।
