रायपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीते रविवार को प्राइम सिटी, मुजगहन में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सोसायटी परिसर में कुल 20 पौधे रोपे गए।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में सोसायटी अध्यक्ष जॉन एक्का मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ अंशुल जायसवाल, सोरी जी, चौहान जी और पांडे जी सहित सोसायटी के अन्य सदस्य एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ते शहरीकरण के बीच पेड़ों का महत्व और भी बढ़ गया है। ऐसे में अधिक से अधिक पौधे लगाना और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प
वृक्षारोपण के दौरान लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल को लेकर भी जोर दिया गया। उपस्थित सदस्यों ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखरेख सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आने वाले समय में ये पौधे विकसित होकर क्षेत्र को हरा-भरा बनाने में योगदान दे सकें।

प्राइम सिटी मुजगहन में आयोजित इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर हरियाली बढ़ाने का सकारात्मक संदेश दिया गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरणीय अभियानों को जारी रखने की बात कही।
