रायपुर,
संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस अवसर पर संत गुरु घासीदास जी के विचारों और उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

राज्यपाल श्री डेका ने अपने संदेश में कहा कि गुरु घासीदास जी ने मानव समाज को प्रेम, करुणा और सद्भावना का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने समाज में व्याप्त भेदभाव, ऊँच-नीच और असमानता के विरुद्ध आवाज उठाते हुए समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उस समय थे। सत्य, अहिंसा, समानता और मानवता के मूल्यों पर आधारित उनका दर्शन हर वर्ग और पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे गुरु घासीदास जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लें, आपसी भाईचारे को मजबूत करें और समाज में समरसता व समानता को बढ़ावा दें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संत गुरु घासीदास जी के आदर्शों को अपनाकर एक बेहतर, शांतिपूर्ण और समावेशी समाज का निर्माण किया जा सकता है।
