66 किग्रा सीनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन, अफ्रीका में लहराया तिरंगा; छत्तीसगढ़ के अन्य खिलाड़ियों से भी पदक की उम्मीद
भिलाई, सुबोध तिवारी,,, छत्तीसगढ़ के पावरलिफ्टर जयदीप साहू ने एशियन, पैसिफिक एवं अफ्रीका अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। 66 किलोग्राम सीनियर वर्ग में उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

जयदीप साहू ने प्रतियोगिता में स्क्वाट में 180 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 102.5 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 170 किलोग्राम वजन उठाया। कुल 452.5 किलोग्राम के साथ उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया और अफ्रीका की धरती पर तिरंगा फहराकर भारत एवं छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया।

भारतीय टीम के कोच कृष्णा साहू ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि 7 जुलाई को होने वाली स्पर्धा में प्रदेश के 93 किलोग्राम वर्ग के प्रियंक मिश्रा और 120 किलोग्राम वर्ग के अमान शुक्ला से भी पदक जीतने की उम्मीद है।

4 से 12 जुलाई तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में फिलहाल इक्विप्ड (Equipped) वर्ग की प्रतियोगिताएं चल रही हैं। वहीं 8 जुलाई से क्लासिक (Un-Equipped) प्रतियोगिता शुरू होगी, जिसमें जयदीप साहू, प्रियंक मिश्रा और अमान शुक्ला एक बार फिर अपने-अपने वजन वर्ग में चुनौती पेश करेंगे।
छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग संघ और खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि प्रदेश के तीनों खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए और पदक जीतेंगे। खिलाड़ियों की सफलता पर प्रदेश लौटने पर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किए जाने की भी तैयारी है।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद जयदीप साहू ने प्रदेशवासियों से मिले स्नेह और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उनके पिता एवं भारतीय टीम के कोच, पूर्व अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर और भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्मिक कृष्णा साहू ने भी सभी खेल प्रेमियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

